भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कल, किरणदेव से मिलने पहुंचे नबीन

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन गुरुवार की सुबह रायपुर पहुंचे। आमतौर पर एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा कार्यालय जाने वाले नबीन अचानक मौजूदा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह के घर पहुंचे। ट्रैक सूट पहने किरणदेव मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत हुई और फिर नबीन प्रदेश कार्यालय के लिए निकल गए। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की मुलाकात सामान्य लगती, मगर इस वजह से चर्चा में आ गई, क्योंकि शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान होना है। ठीक पहले दोनों नेताओं का मिलना कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है। दोनों के बीच प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा हुई। अब किरणदेव रिपीट होंगे या बदले जाएंगे। इसका ऐलान करने पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े रायपुर आएंगे।
रायपुर के सरकारी आवास में मीटिंग हुई, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव के साथ कुछ देर चर्चा करने के बाद नितिन नबीन प्रदेश कार्यालय चले गए। 17 जनवरी को छत्तीसगढ़ भाजपा अपने प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर देगी। 16 जनवरी गुरुवार को इसे लेकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी होनी है। इसके लिए नितिन नबीन रायपुर पहुंचे हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी नामांकन प्रक्रिया के वक्त प्रदेश भाजपा कार्यालय में ही मौजूद रहेंगे।
सारा खेल नामांकन की प्रक्रिया पर टिका है। अगर नामांकन आए तो अपना नाम देने वाले नेताओं में से अध्यक्ष चुना जाएगा। हालांकि, ये परंपरा भाजपा में नहीं रही है, अब तक प्रदेश में सर्वसम्मति से नाम तय हो जाया करते थे। पार्टी के भीतर दो बड़ी संभावनाएं हैं। पहली ये कि किरणदेव को फिर से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे सकती है।रायपुर पहुंचे नितिन नबीन ने एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में कहा कि आज नामांकन की प्रक्रिया संगठन में होगी। नामांकन आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किसे अध्यक्ष बनाया जाना है। बाकी जो चर्चाएं हैं वो तो होती रहती हैं।