मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के विद्यार्थियों को मिला सफलता का प्रमाणपत्र, एस.आर हॉस्पिटल ने किया सम्मान समारोह आयोजित
जनरल ड्यूटी असिस्टेंट कोर्स के सफल विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट वितरित, अतिथियों ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
दुर्ग के चिखली स्थित एस.आर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) कोर्स के वर्ष 2025-26 बैच के विद्यार्थियों के लिए प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा, पत्रकारिता एवं समाजसेवा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में सफल विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
दुर्ग। चिखली स्थित एस.आर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) कोर्स के वर्ष 2025-26 बैच के सफल विद्यार्थियों के लिए भव्य प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर सर्टिफिकेट प्रदान कर उनके कौशल और मेहनत का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक एवं जनरल फिजीशियन डॉ. के.के. जैन तथा विशेष अतिथि न्यू प्रेस क्लब भिलाई के अध्यक्ष अनिल गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता, डॉ. कमल किशोर शर्मा एवं समाजसेवी विष्णु पाठक ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
संस्था के चेयरमैन संजय तिवारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एस.आर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्देश्य केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को चिकित्सा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान करना भी है। उन्होंने बताया कि संस्थान में डी. फार्मेसी, पैरामेडिकल टेक्नीशियन सहित मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के विभिन्न पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही एस.आर ग्रुप द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त अनेक युवाओं को रोजगार से भी जोड़ा गया है।
मुख्य अतिथि डॉ. के.के. जैन ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार का मजबूत माध्यम बन रही है। वहीं विशेष अतिथि अनिल गुप्ता ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एस.आर हॉस्पिटल द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां प्राप्त प्रशिक्षण विद्यार्थियों के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता, डॉ. कमल किशोर शर्मा एवं समाजसेवी विष्णु पाठक ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग समाज की सेवा में करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर जे.एन. पाण्डेय, अरविंद खैरवार, विनीता आंचला, नेहा ठाकुर, फनीस साहू, लीना वर्मा, ज्योति दास, शीतल सिन्हा सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अरविंद खैरवार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
suntimes 