मुस्लिम इलाकों में विशेष सफाई का आदेश:मस्जिदों के पास कचरा हटाने का चलेगा अभियान, पानी टैंकर, स्ट्रीट लाइट की भी व्यवस्था

रायपुर नगर निगम ईद को ध्यान में रखकर विशेष अभियान चलाएगा। इसे लेकर बाकायदा रायपुर नगर निगम के कमिश्नर ने सभी जोन कमिश्नरों को एक आदेश जारी कर दिया है। 22 अप्रैल को ईद-उल-फितर को ध्यान में रखकर नगर निगम खास तैयारियां कर रहा है।
रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त मयंक चतुर्वेदी ने निगम के सभी जोन कमिश्नरों, उपायुक्त स्वास्थ्य, कार्यपालन अभियन्ता जल, कार्यपालन अभियन्ता विद्युत को निर्देशित किया है। आयुक्त की ओर से कहा गया है कि शनिवार को ईद उल फितर पर नगर की प्रमुख मस्जिदों,ईदगाहों में सफाई, कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव, पानी के टैंकरों, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
तो अब निगम विशेष रूप से ईदगाहभाठा, मौदहापारा, छोटापारा, तात्यापारा, पंडरी, ईरानी डेरा और अन्य स्थानों पर स्थित मस्जिदों के आस-पास विशेष सफाई करवाएगा। यहां लोगों के लिए पानी के टैंकर मौजूद होंगे। निगम के कर्मचारियों के विंग को इन जगहों की स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को ठीक करने के काम पर लगाया गया है।
निगम आयुक्त की ओर से जारी किए गए निर्देश में कहा गया है कि नगर के मुस्लिम बाहुल वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाएं, सीरत मैदान शास्त्री बाजार के सामने विशेष सफाई होगी, चूने की लाइनिंग बनाई जाएगी।
अरब देशों में दिखेगा चांद
पूरी दुनिया में ईद का जश्न बेहद धूमधाम से मनाया जाता है। रायपुर में भी इस साल इस जश्न में हजारों परिवार शामिल होंगे। गुरुवार (20 अप्रैल) शाम तक तस्वीर साफ हो जाएगी, अरब देशों में ईद का चांद देखने का एहतिमाम (व्यवस्था) किया जाएगा। अगर आज शाम यानी गुरुवार (20 अप्रैल) को सऊदी अरब सहित खाड़ी देशों में चांद दिखा तो इसका मतलब होगा कि अरब देशों में कल यानी शुक्रवार (21 अप्रैल) को ईद मनाई जाएगी। 22 तारीख को भी ईद मनाई जा सकती है।
भारत में शुक्रवार को ईद नहीं हो सकती, क्योंकि शुक्रवार को भारत में 29वां रोजा होगा और ईद 29 या 30 रोजे पूरे करने के बाद ही मनाई जाती है। अगर अरब देशों में गुरुवार की शाम ईद का चांद नहीं दिखा तो वहां ईद शनिवार को होगी, ऐसी स्थिति में भारत में शनिवार और रविवार दोनों में से किसी भी दिन ईद होने की संभावना रहेगी, लेकिन ज्यादा संभावना रविवार को रहेगी। मोटे तौर पर ये याद रखें कि भारत में ईद अरब देशों के एक दिन बाद होती है, लेकिन हर बार ऐसा होना जरूरी नहीं है।
इस साल रमजान के पवित्र महीने की शुरुआत शुक्रवार 24 मार्च (जुमा) से हुई थी। इसके बाद 29 से 30 रोजा रखने के बाद चांद को देखकर ईद का ऐलान किया जाता है। ऐसे में ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत में इस साल ईद शनिवार 22 अप्रैल को मनाई जा सकती है। इस्लामी कैलेंडर में रमजान नौवां महीना होता है। इस महीने में उपवास के दौरान पानी का भी सेवन नहीं किया जाता है।
रायपुर की मशहूर मस्जिदों का इतिहास
वर्तमान में शहर में करीब 51 मस्जिदें हैं। छोटापारा मस्जिद का निर्माण 200 साल पहले हुआ था। यहां की जो सबसे खास बात है वो है इसकी मीनारें। इस पर गोल घुमावदार सीढ़ियां बनाई गई हैं। जब लाउड स्पीकर्स नहीं थे, मौलाना इन्हीं सीढ़ियों के जरिए ऊपर जाकर अजान देते थे। जानकार बताते हैं कि यह मस्जिद ईरान के तेहरान की तर्ज पर बनाई गई है।
बैरनबाजार की जामा मस्जिद के आगे एक चर्च है। पास ही देवी का प्राचीन मंदिर भी है। माना जाता है कि इन तीनों का निर्माण एकसाथ करीब 170 साल पहले हुआ था। दरअसल, तब पेंशनबाड़ा इलाका ब्रिटिश सैनिकों की छावनी थी। यहां सैनिकों की टुकड़ियां लंबे वक्त के लिए रुका करती थीं। इसमें अलग-अलग धर्मों को मानने वाले थे। ब्रिटिश सेना के प्रमुख लॉर्ड बैरंड ने एकसाथ 3 धार्मिक केंद्र उन्हीं सैनिकों के लिए बनवाए थे। जानकार बताते हैं कि जामा मस्जिद का नाम पहले पल्टन मस्जिद था।
मौदहापारा में 90 साल पुरानी अशरफुल औलिया मस्जिद सूबे की सबसे बड़ी मस्जिद है। इसका मुख्य द्वार ही करीब 56 फीट ऊंचा है। इसके अलावा इसकी 195-195 फीट ऊंची 2 मीनारें और गुंबद ताजमहल का अहसास कराती हैं। यहां 5 हजार बंदे एकसाथ बैठकर नमाज अदा कर सकते हैं। यह पूरी तरह से वातानुकूलित है।