मोवा ब्रिज को जनता के लिए नहीं खोला....एक सड़क बंद करने का असर 14 वार्डों की 20 मुख्य सड़कों और कई गलियों पर....

मोवा ब्रिज को जनता के लिए नहीं खोला....एक सड़क बंद करने का असर 14 वार्डों की 20 मुख्य सड़कों और कई गलियों पर....

राज्य की कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेसी बुधवार को विधानसभा घेराव करने निकले। एहतियातन पुलिस-प्रशासन ने पंडरी रोड को सुबह 8 बजे ही बंद कर दिया। ट्रैफिक को दूसरी सड़कों पर डायवर्ट कर दिया गया। इससे 14 वार्डों में 20 से ज्यादा मुख्य सड़कें और गलियां जाम रहीं। सुबह 10 बजे अचानक मोवा रोड को जब्बार नाले के पास बंद कर दिया।

मोवा की ओर गाड़ियों को जाने से रोक दिया। उन्हें वीआईपी टर्निंग से शंकर नगर की ओर भेजा गया। मोवा-दलदल सिवनी वालों को मोवा ओवरब्रिज पर भी चढ़ने नहीं दिया। यहां भी बेरीकेड्स लगा दिए। उन्हें कांपा रेलवे फाटक की ओर डायवर्ट किया गया। बिना किसी सूचना के कुछ छोटे रास्तों को अचानक बंद करने से शहर के बाकी हिस्सों की ट्रैफिक बिगड़ गई। लोग घूमकर जिस भी सड़क में गए, वहां फंस गए। चारों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार दिखाई दी। पंडरी रोड के दोनों ओर तंग गलियों में भी वाहनों से जाम लग गया।

स्थानीय लोगों को भी प्रदर्शन की वजह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वे अपने घर से निकल नहीं पा रहे थे। जिला अस्पताल की ओपीडी भी बाधित रही। जहां रोजाना 400-500 मरीज आते हैं। बुधवार को करीब 200 मरीज ही पहुंचे। मेडिकल जांच के लिए पुलिस किसी मरीज को जिला अस्पताल नहीं लाई।

सुबह 11 बजे दुबे कॉलोनी निवासी प्रीतम यादव और विकास कश्यप ड्यूटी जाने के लिए निकले। दोनों मोवा ओवरब्रिज के पास पहुंचे। पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। ब्रिज के नीचे से कांपा फाटक की ओर जाने के लिए कहा गया। दोनों कांपा फाटक की ओर बढ़ गए। फाटक के पास गाड़ियों की लंबी कतार थी। आधे घंटे फाटक पार करने में लगा। मंडी गेट होकर देवेंद्र नगर, मॉल के रास्ते पारस नगर पहुंचे। ब्रिज के नीचे चारों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। एक घंटे की मशक्कत के बाद जेल रोड पहुंचे। वहां से रजबंधा होकर एमजी रोड पहुंचे।

अवंतीबाई चौक स्थित आटोपार्ट्स कारोबारी विजय कुमार ने बताया कि वह सुंदर नगर में रहता है। बुधवार को उनको दुकान आने में एक घंटे लग गए। पंडरी बस स्टैंड पहुंचे तो उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया। पंडरी गुरुद्वारा रोड होते हुए राजातालाब, मंडी रोड से जय हिंद चौक होते हुए अवंतीबाई चौक पहुंचे। दोपहर चार बजे तक रास्ता बंद होने की वजह से एक भी ग्राहक नहीं आया।