लेह-लद्दाख के बर्फीले पहाड़ पर छत्तीसगढ़ का लाल शहीद...ऊंचाई पर ड्यूटी करने से बिगड़ी तबीयत...

जम्मू कश्मीर सीमा (लेह लद्दाख) पर तैनात ग्राम - कोड़िया निवासी वीर जवान उमेश साहू के अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की

दुर्ग जिले के कोड़िया गांव निवासी भारतीय सेना का जवान उमेश कुमार साहू लेह-लद्दाख के बर्फीले पहाड़ों में पर ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। उसके पार्थिव शरीर को आज दुर्ग लाया गया। पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ गृह गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया, इससे पहले अंतिम यात्रा निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

उमेश भारतीय सेना के 19 महार रेजिमेंट में लांस हवलदार था। उनकी ड्यूटी लेह-लद्दाख में लगाई गई थी। बर्फीले पहाड़ों पर ड्यूटी करने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया, लेकिन लगातार शरीर में ऑक्सीजन की कमी के चलते 19 अक्टूबर की देर शाम दम तोड़ दिया। करवा चौथ के दिन उनकी पत्नी को शहादत की सूचना मिली।

उमेश साहू की जहां ड्यूटी लगी थी वो इलाका काफी ऊंचाई वाला क्षेत्र था। वहां ऑक्सीजन की कमी थी। इसी के चलते उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। ड्यूटी पर तैनात साथी जवानों ने तुरंत उन्हें मेडिकल पोस्ट पहुंचाया, वहां इलाज शुरू किया गया, लेकिन जान नहीं बच पाई।

उमेश दस साल पहले आर्मी में भर्ती हुए थे। तब से वो लगातार देश की सेवा में तैनात रहे। गांव के लोगों के मुताबिक उमेश बड़े ही मिलनसार स्वाभाव के थे। जब भी वो छुट्टियों में गांव आते युवा उनसे सेना में जाने की जानकारी लिया करते। वो युवाओं को सेना में भर्ती के लिए फिजिकल तैयारियों की जानकारी देते थे।

उमेश साहू की पत्नी करवाचौथ के दिन पूजा की तैयारी कर रहीं थी लेकिन उससे पहले ही जिला प्रशासन और सेना की तरफ से परिजनों को उनकी शहादत की सूचना दी। इससे परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया शहीद उमेश कुमार साहू मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं। कुछ वर्षों में ही वो अपने बड़े भाई, अपनी मां को खोने के बाद बीते जून माह में अपने छोटे भाई को खोया था। भाई के दशगात्र के बाद वो ड्यूटी पर जाने वाले थे, लेकिन घर पर पिता की तबीयत खराब होने से उनको छुट्टी बढ़ानी पड़ी। पिता का इलाज कराने के बाद बीते 30 अगस्त को ही ड्यूटी पर लौटे थे। इस दौरान उनकी ड्यूटी लेह-लद्दाख में लगाई गई। उनकी शहादत के बाद अब उनके पीछे घर पर अस्वस्थ पिता, पत्नी और छोटे बच्चे हैं।