वन विभाग में प्रशासनिक सर्जरी, सात आईएफएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
राज्य सरकार ने जारी किए तबादला आदेश, लघु वनोपज संघ और वन विकास निगम समेत टाइगर रिजर्व में भी बदली कमान
रायपुर। राज्य सरकार ने वन विभाग के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव करते हुए भारतीय वन सेवा (IFS) के सात अधिकारियों की नई पदस्थापना और तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, वन विभाग, लघु वनोपज संघ, वन विकास निगम और टाइगर रिजर्व से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार संजीता गुप्ता को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ का प्रभारी प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं एस. वेंकटाचलम को प्रतिनियुक्ति पर संघ का कार्यकारी संचालक नियुक्त किया गया है।
अमरनाथ प्रसाद सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर बने रहेंगे। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
प्रतिनियुक्ति से लौटे अभिषेक कुमार सिंह को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कार्यालय में वन संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
सरकार ने गुरुनाथन एन. को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र संचालक नियुक्त किया है। वहीं प्रणय मिश्रा को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र संचालक बनाया गया है। उन्हें प्रोजेक्ट एलीफैंट का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसके अलावा रमेश कुमार जांगड़े को छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक (प्रभारी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने आदेश में उल्लेख किया है कि सूची में शामिल पहले तीन अधिकारियों की नई पदस्थापना 31 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस फेरबदल को वन प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण और लघु वनोपज से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
suntimes 