वीर चक्र विजेता शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि, रक्तदान कर युवाओं ने निभाया राष्ट्रधर्म

कारगिल युद्ध के अमर वीर की शहादत दिवस पर स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों की रही सहभागिता

वीर चक्र विजेता शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि, रक्तदान कर युवाओं ने निभाया राष्ट्रधर्म

कारगिल युद्ध के अमर शहीद एवं मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित कौशल यादव की शहादत दिवस पर शनिवार को हुडको स्थित स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। परिवारजनों, पूर्व सैनिकों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश के वीर सपूत को नमन किया। इस अवसर पर सामाजिक सरोकार के तहत रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर शहीद को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

भिलाई। कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देने वाले वीर चक्र विजेता शहीद कौशल यादव की शहादत दिवस पर शनिवार को हुडको स्थित उनके स्मारक स्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में शहीद के माता-पिता, पत्नी, पुत्र सहित परिवारजनों ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लेकर शहीद के अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को स्मरण किया। उपस्थित लोगों ने देश की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च योगदान को नमन करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

शहादत दिवस को सेवा और मानवता के संदेश से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया तथा इसे शहीद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ग्रुप कैप्टन प्रवीण कुमार ने कहा कि 25 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान कौशल यादव ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पवन कुमार निषाद ने कहा कि शहीद कौशल यादव का जीवन राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता का अनुपम उदाहरण है। उनका सर्वोच्च बलिदान युवाओं में देशभक्ति की भावना को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

श्रद्धांजलि समारोह में महापौर नीरज पाल, एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी, छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष हरप्रीत सिंह, ओपी शर्मा, मनीष शर्मा, वी.के. सिंह, बेनी प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी सहित पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन शहीद के सम्मान में राष्ट्रगान और उनके आदर्शों पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।