शिवनाथ नदी में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं: 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, दोस्त की तलाश जारी
8 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे थे किशोर, नहाते समय तेज बहाव में बहे दो साथी; एसडीआरएफ ने एक का शव निकाला, दूसरे की खोज जारी
दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में जन्मदिन का जश्न उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब नहाने के दौरान दो किशोर तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने एक किशोर का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया है, जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी रही।
दुर्ग-भिलाई। पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी-पीपरछेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में रविवार को जन्मदिन मनाने पहुंचे दोस्तों के समूह के साथ बड़ा हादसा हो गया। आठ दोस्तों का समूह नदी किनारे पिकनिक और जन्मदिन मनाने पहुंचा था। इस दौरान नहाते समय दो किशोर अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गए।
घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलते ही जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रेस्क्यू दल ने नदी में गहरे पानी तक डीप डाइविंग कर दोनों किशोरों की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद टीम ने एक किशोर का शव नदी से बाहर निकाल लिया। मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं दूसरे लापता किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्रभारी धनीराम यादव ने किया। टीम में भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों के बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए पानी में उतरने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।
suntimes 