शीतलहर का असर जारी: रायगढ़ में 12.4°C तक गिरा पारा, दिन में भी महसूस हुई ठिठुरन
स्कूली बच्चों–बुजुर्गों को विशेष एहतियात की अपील, अलाव का सहारा ले रहे लोग
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सर्दी का असर लगातार गहराता जा रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 12.4°C और अधिकतम तापमान 26.6°C रिकॉर्ड किया गया। तापमान शनिवार की तुलना में 1 डिग्री बढ़ा जरूर, लेकिन ठंड से राहत कहीं महसूस नहीं हुई। सुबह आसमान साफ रहा और हल्की धूप भी खिली, मगर पूरे दिन चलती ठंडी हवाओं ने वातावरण को सर्द बनाए रखा। दोपहर में भी हवा की सिहरन महसूस होती रही, जबकि शाम ढलते ही ठंड और तेज हो गई।
अलाव का सहारा, गरम कपड़े अनिवार्य
रात के वक्त पारा और नीचे जाने लगा, जिससे कई जगह लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश की। बाजार और मोहल्लों में लोग मफलर, स्वेटर और कान ढकने वाली गर्म टोपी पहनते दिखे।
डॉक्टरों ने दी सावधान रहने की सलाह
शासकीय आयुर्वेद अस्पताल के डॉ. नीरज मिश्रा ने कहा कि कड़ाके की सर्दी के दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी–जुकाम के मामले अधिक बढ़ जाते हैं। उन्होंने सलाह दी कि बच्चे स्कूल जाते समय कानों को अच्छी तरह ढंकें और बाइक सवार नाक–मुंह पर मास्क या कपड़ा लगाकर चलें। इससे ठंडी हवा का सीधा असर नहीं होगा और बीमार पड़ने की आशंका कम रहेगी।
आने वाले दिनों में 1 डिग्री का उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को जिले में न्यूनतम तापमान 12°C और अधिकतम 27°C रहने का अनुमान है। बुधवार को पारा 1 डिग्री बढ़ सकता है, लेकिन गुरुवार से फिर से तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है। विभाग ने चेताया कि ठंड इस पूरे सप्ताह इसी तरह बनी रह सकती है।
suntimes 