सरकारी कॉलेजों में 700 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू, युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका
छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की ओर से विभिन्न शैक्षणिक और सहायक पदों पर कुल 700 पदों के लिए भर्ती की तैयारी की गई है। इसमें सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं।
कुल 700 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी…
उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का निर्धारण करते हुए विस्तृत रोस्टर तैयार कर लिया है। भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए विभाग ने **24 फरवरी 2026 को Chhattisgarh Public Service Commission को पत्र भेजकर पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी है।
जानकारी के मुताबिक सहायक प्राध्यापक पदों के लिए कई विषयों में नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणीशास्त्र के 50-50 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल में 25-25 पद, कम्प्यूटर एप्लीकेशन में 15, वाणिज्य में 75 और विधि विषय में 10 पद पर भर्ती होगी। इसके साथ ही क्रीड़ा अधिकारी के 25 और ग्रंथपाल के 50 पदों को मिलाकर कुल 700 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था
CG College Recruitment: विभाग ने इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों का विवरण, परीक्षा का पाठ्यक्रम और विज्ञापन का प्रारूप भी आयोग को भेज दिया है। आयोग की ओर से प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इन नियुक्तियों से शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा मिल सकेगी।
इस बीच महाविद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने स्वीकृत पदों के विरुद्ध अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था भी की है। यह व्यवस्था सहायक प्राध्यापक, प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी जैसे पदों पर भी लागू है। अधिकांश अतिथि शिक्षक पीएचडी डिग्रीधारी हैं और नेट-सेट जैसी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं। ये शिक्षक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ National Education Policy 2020 के प्रावधानों के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में भी योगदान दे रहे हैं।
suntimes 