सोना-चांदी की चमक फीकी, 26 दिनों में बड़ी गिरावट से बाजार में बढ़ी रौनक

सोना 13 हजार और चांदी 39 हजार रुपए टूटी, कम दाम का फायदा उठाने सराफा बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़

सोना-चांदी की चमक फीकी, 26 दिनों में बड़ी गिरावट से बाजार में बढ़ी रौनक

वैश्विक बाजार में बदलते आर्थिक संकेतों और अमेरिकी डॉलर की मजबूती का असर अब घरेलू सराफा बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कीमतों में लगातार गिरावट के चलते सोना और चांदी अपने हालिया उच्च स्तर से काफी नीचे आ चुके हैं। रायपुर के सराफा कारोबारी हरख मालू के अनुसार, बीते 26 दिनों में चांदी के भाव में करीब 39 हजार रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि सोना लगभग 13 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ है।

जून की शुरुआत में जहां 24 कैरेट सोना करीब 1.55 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, वहीं अब इसका भाव घटकर करीब 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। इसी तरह चांदी के दाम 2.79 लाख रुपए प्रति किलो से गिरकर करीब 2.40 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गए हैं।

इस वर्ष की शुरुआत में दोनों कीमती धातुओं ने रिकॉर्ड ऊंचाई हासिल की थी। जनवरी में सोना करीब 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंचा था, जबकि चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर छुआ था। हालांकि, वैश्विक तनाव कम होने, निवेशकों की मुनाफावसूली और डॉलर की मजबूती के कारण अब कीमतों में लगातार नरमी का दौर जारी है।

कीमतों में गिरावट का सीधा असर बाजार की रौनक पर भी दिखाई दे रहा है। कम दाम पर गहनों की खरीदारी के लिए उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ा है, जिससे सराफा कारोबारियों के यहां ग्राहकों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है।