अमलेश्वर में वेल्डिंग व्यवसायी के घर चोरी, ढाई लाख का सामान पार
रामस्वरूप के मकान को बनाया निशाना, पुलिस ने दो टीमें बनाकर शुरू की जांच
अमलेश्वर। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक वेल्डिंग व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए करीब दो से ढाई लाख रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमलेश्वर थाना क्षेत्र में चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने वेल्डिंग व्यवसायी रामस्वरूप के घर में सेंधमारी कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित रामस्वरूप ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि चोरों ने घर में घुसकर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग दो से ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही वारदात वाले इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग टीमों का गठन किया है, जिन्हें आरोपियों की तलाश और साक्ष्य जुटाने का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रार्थी द्वारा चोरी गए सामान की विस्तृत सूची तैयार की जा रही है, जिसे जल्द पुलिस को सौंपा जाएगा। इसके बाद चोरी की सटीक जानकारी सामने आएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
suntimes 