कैलाश नगर में बायोगैस प्लांट के विरोध में उबाल, नालंदा स्कूल के आगे धरना-प्रदर्शन
स्थानीय रहवासियों ने चक्का जाम का किया प्रयास, दुर्गंध और स्वास्थ्य खतरे को लेकर जताई आपत्ति
कैलाश नगर क्षेत्र में प्रस्तावित बायोगैस प्लांट को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। नालंदा स्कूल के सामने शुक्रवार को रहवासियों ने धरना प्रदर्शन किया और प्लांट स्थापना के खिलाफ चक्का जाम का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
भिलाई। भिलाई के कैलाश नगर क्षेत्र में नालंदा स्कूल के सामने प्रस्तावित बायोगैस प्लांट को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्लांट स्थापना को जनहित के खिलाफ बताते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर बायोगैस प्लांट लगाया जा रहा है, वह घनी आबादी और शैक्षणिक संस्थान के बेहद करीब है। इससे दुर्गंध, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिसका सीधा असर बच्चों और रहवासियों पर पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि बायोगैस प्लांट को आबादी क्षेत्र से दूर स्थापित नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। वहीं प्रशासन का कहना है कि नियमों के तहत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन क्षेत्र में प्लांट को लेकर असंतोष बना हुआ है।
suntimes 