आइडियल इंटरनेशनल स्कूल में छात्र-छात्राओं को सिखाया सेल्फ डिफेंस और साइबर सुरक्षा के गुर
इनर व्हील क्लब दुर्ग और महिला रक्षा टीम की संयुक्त पहल, सोशल मीडिया सुरक्षा, पास्को एक्ट, नशा मुक्ति और इमरजेंसी सेवाओं की दी जानकारी

दुर्ग स्थित आइडियल इंटरनेशनल स्कूल में इनर व्हील क्लब और महिला रक्षा टीम द्वारा संयुक्त रूप से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को आत्मरक्षा के उपाय, साइबर अपराध से सुरक्षा, नशे से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।
दुर्ग। इनर व्हील क्लब दुर्ग और महिला रक्षा टीम द्वारा आइडियल इंटरनेशनल स्कूल दुर्ग में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और सामाजिक बुराइयों से बचाव के बारे में जागरूक करना था।
सहायक उपनिरीक्षक संगीता मिश्रा ने छात्रों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को पास्को एक्ट, नशे के दुष्परिणाम और उससे मुक्त होने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनजान लोगों से अपनी निजी जानकारी साझा करना खतरनाक हो सकता है, साथ ही सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में छात्रों को महत्वपूर्ण इमरजेंसी नंबर जैसे 112, 1930 और 9479192099 की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि अपने मोबाइल में इन नंबरों को सुरक्षित कैसे रखें। सोशल मीडिया के सेफ्टी फीचर्स, साइबर डिजिटल अरेस्टिंग और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
सेल्फ डिफेंस की जानकारी देते हुए यह बताया गया कि पेन, बैग, चाबी, बोतल जैसी रोजमर्रा की चीजों का उपयोग संकट के समय अपनी रक्षा में कैसे किया जा सकता है।
कार्यक्रम में लगभग 90 छात्र-छात्राएं, स्कूल प्रिंसिपल, शिक्षक-शिक्षिकाएं, इनर व्हील क्लब की सदस्याएं और महिला रक्षा टीम की प्रतिनिधि उपस्थित रहीं। छात्रों को जीवन की चुनौतियों से न घबराने, हर समस्या को अपने माता-पिता या शिक्षकों से साझा करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।