उतई में लेबर कांट्रेक्टर की हत्या: मारपीट के बाद बस स्टैंड पर फेंका गया शव

रात में विवाद के बाद आरोपियों ने की बेरहमी से पिटाई, पुलिस ने 6–7 संदिग्धों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

उतई में लेबर कांट्रेक्टर की हत्या: मारपीट के बाद बस स्टैंड पर फेंका गया शव

उतई थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लेबर कांट्रेक्टर राहुल कुमार रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने 6 से 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

भिलाई। उतई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गया (बिहार) निवासी और उतई में लेबर कांट्रेक्टर के रूप में काम कर रहे राहुल कुमार रजक की बुधवार की रात बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, राहुल का एक स्थानीय लकड़ी व्यवसायी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया।

विवाद के बाद आरोपियों ने राहुल को इतना मारा कि वह बेहोश हो गया। बताया जाता है कि गंभीर रूप से घायल राहुल को आरोपी देर रात उतई बस स्टैंड के पास फेंककर फरार हो गए। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने राहुल को मृत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें स्पष्ट हुआ कि मृतक की रात्रि में बुरी तरह पिटाई की गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए कई संदिग्धों को चिन्हित किया और गुरुवार की रात 6–7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे जांच बढ़ाई जा रही है।