IG रामगोपाल गर्ग ने रक्षित आरक्षी केंद्र दुर्ग में व्यवस्थाओं का किया मूल्यांकन

दुर्ग। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग (भापुसे) ने रक्षित आरक्षी केंद्र, दुर्ग का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान निरीक्षण परेड आयोजित की गई, जिसमें उत्तम वेषभूषा धारण करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
निरीक्षण के अंतर्गत गणवेश शाखा, सुरक्षा उपकरण शाखा, पुलिस साख सहकारी समिति बैंक, वाहन शाखा, महिला कल्याण केंद्र सहित अन्य शाखाओं का अवलोकन किया गया और संबंधित प्रभारी अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली गई। IG गर्ग ने अधिकारियों-कर्मचारियों से संवाद करते हुए कहा कि दुर्ग जिला पुलिस राज्य में प्रमुख स्थान रखती है, और चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की सजगता का प्रमाण है। उन्होंने वर्दी की मर्यादा, नागरिकों से बेहतर व्यवहार और ड्यूटी के प्रति निष्ठा पर बल दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा व सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक व अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं समस्त थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।