अग्निशमन दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली, लोगों को दी गई सुरक्षा की सीख
शहर के प्रमुख इलाकों से निकली रैली, आमजन को सिखाए गए अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय

दुर्ग। राष्ट्रीय अग्निशमन दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग द्वारा शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, सुरक्षा उपायों और सावधानियों की जानकारी देना था।
राष्ट्रीय अग्निशमन दिवस के उपलक्ष्य में दुर्ग जिले में अग्निशमन विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से प्रारंभ होकर चिखली, शंकराचार्य कॉलेज, नेहरू नगर, स्मृति नगर और सेक्टर होते हुए पुनः अग्निशमन कार्यालय पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के बुनियादी नियमों की जानकारी दी। बताया गया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार की सावधानियाँ रखनी चाहिए और प्रारंभिक स्तर पर किस तरह से खुद आग पर काबू पाया जा सकता है।
साथ ही यह भी समझाया गया कि जब आग बड़े स्तर पर फैल जाए, तो बिना देर किए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देना आवश्यक है, ताकि समय रहते बड़ी जन-हानि और संपत्ति के नुकसान को रोका जा सके।
इस रैली में अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्कूली बच्चों, कॉलेज छात्रों और आम नागरिकों की भी भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य "हर घर सुरक्षित, हर व्यक्ति सतर्क" का संदेश जन-जन तक पहुँचाना रहा।