भाई ने ही लूटा भाई का भरोसा! ज्वेलरी शॉप से उड़ाए 35 लाख के मंगलसूत्र, CCTV ने खोला राज
ग्राहकों की भीड़ में छोटा भाई बन गया चोर, पुलिस ने ऐप और CCTV से पकड़ा आरोपी — 29 मंगलसूत्र, दो सोने के बिस्किट और नकद बरामद
दुर्ग जिले के स्मृतिनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक भरोसे को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बड़े भाई की ज्वेलरी शॉप पर काम करने वाले छोटे भाई ने लाखों के सोने के मंगलसूत्र चोरी कर लिए। पुलिस ने तकनीकी जांच और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी को रायपुर से दबोच लिया।
भिलाई। स्मृतिनगर थाना क्षेत्र में रिश्तों पर दाग लगाने वाला मामला सामने आया है। कोहका निवासी ज्वेलर रवि सोनी की दुकान से उनके छोटे भाई राजकुमार सोनी (50) ने करीब 35 लाख रुपए के सोने के मंगलसूत्र गायब कर दिए।
राजकुमार पिछले नौ महीनों से दुकान में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की शाम जब दुकान में ग्राहकों की भारी भीड़ थी, तभी उसने मौका देखकर लॉकर से 40 मंगलसूत्र निकाल लिए और फरार हो गया।
रवि सोनी ने जब लॉकर खुलवाया तो गहनों का पूरा सेट गायब मिला। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने त्रिनयन ऐप की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और विभिन्न स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले।
फुटेज में राजकुमार को रायपुर की ओर जाते हुए देखा गया। जांच में यह भी सामने आया कि उसका कज़िन सुरेंद्र सोनी, रायपुर में ज्वेलरी पिघलाने का काम करता है। पुलिस ने दोनों की लोकेशन ट्रेस कर दुर्ग के ब्राह्मणपारा क्षेत्र में किराए के घर पर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 29 चोरी किए गए मंगलसूत्र, दो सोने के बिस्किट (जो 11 मंगलसूत्र पिघलाकर बनाए गए थे) और ₹2 लाख नकद बरामद किए। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी बाकी गहनों को भी पिघलाने की तैयारी में थे।
स्मृतिनगर थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ क्रिमिनल प्रोसीजर कोड (CrPC) की धारा 316(4) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
suntimes 