छठ पर्व की तैयारी तेज़: जोन-3 में तालाबों और बाजारों की सफाई युद्धस्तर पर
जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता ने किया निरीक्षण, निर्माणाधीन सुलभ शौचालय का कार्य शीघ्र पूर्ण करने दिए निर्देश
भिलाईनगर। आगामी छठ पर्व को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर जोन क्रमांक 03 के अंतर्गत बाजारों और तालाबों की विशेष साफ-सफाई की जा रही है।
भिलाई नगर पालिक निगम के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर जोन-3 आयुक्त कुलदीप गुप्ता ने मंगलवार को पावर हाउस जवाहर मार्केट, सर्कुलर मार्केट, सब्जी मार्केट और बैकुण्ठधाम तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दीपावली के बाद बढ़ी भीड़ और बाजारों में फैले कचरे की स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली के साथ टीम ने मौके पर सफाई कर्मियों को तैनात कर तत्काल कचरा हटाने की कार्रवाई कराई।
समीपस्थ डीएमएफ मद से निर्माणाधीन सुलभ शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। इस शौचालय के निर्माण से बाजार क्षेत्र के व्यापारी और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। जोन आयुक्त ने निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
आगामी छठ पर्व को देखते हुए बैकुण्ठधाम तालाब की सफाई तेजी से की जा रही है। तालाब से पूजा सामग्री और कचरे को अलग कर निस्तारित किया जा रहा है। साथ ही तालाब परिसर में प्रकाश व्यवस्था की मरम्मत और अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र बंजारे, श्याम ठाकुर, जोनल विनोद और महफूज सहित निगम अमला उपस्थित रहा।
suntimes 