बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में 'आप' का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बढ़ते बिजली बिलों पर जताई चिंता, स्मार्ट मीटर व्यवस्था में पारदर्शिता और राहत की उठाई मांग
दुर्ग । दुर्ग में आम आदमी पार्टी जिला इकाई ने प्रदेश में बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों को लेकर मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम जिलाधीश (कलेक्टर) को शिकायत पत्र सौंपा। पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से बिजली दरों में की गई वृद्धि पर आपत्ति जताते हुए इसे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बताया।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान समय में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों के दैनिक खर्च पहले से ही प्रभावित हैं। ऐसे में बिजली दरों में वृद्धि ने परिवारों के मासिक बजट पर अतिरिक्त असर डाला है। ज्ञापन में कहा गया कि बढ़ती लागत के कारण सामान्य परिवारों के लिए घरेलू खर्चों का संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
ज्ञापन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है और यहां कोयले से बिजली उत्पादन की पर्याप्त व्यवस्था है। इसके बावजूद प्रदेशवासियों पर महंगी बिजली का बोझ पड़ने को लेकर पार्टी ने सवाल खड़े किए। पार्टी का कहना है कि आम लोगों की आय जिस गति से नहीं बढ़ रही है, उसी अनुपात में आवश्यक सेवाओं के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।
स्मार्ट मीटरों के संबंध में पार्टी ने दावा किया कि उपभोक्ताओं के बीच कई प्रकार की आशंकाएं और असंतोष की स्थिति बनी हुई है। पार्टी के अनुसार कई उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में वृद्धि की शिकायतें सामने रखी हैं। साथ ही मीटर प्रणाली की कार्यप्रणाली को लेकर अधिक पारदर्शिता और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी बताई गई।
आम आदमी पार्टी ने सरकार से बिजली दरों में वृद्धि पर पुनर्विचार करने और स्मार्ट मीटर प्रणाली से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की है। पार्टी ने कहा कि वह जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी। इस दौरान पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
suntimes 