एनएच-53 पर स्कूटी सवार से लूट का खुलासा, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पीछे से टक्कर मारकर सड़क पर गिराया, मारपीट के बाद नकदी, मोबाइल और दस्तावेज लूटे; सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने सुलझाया मामला

एनएच-53 पर स्कूटी सवार से लूट का खुलासा, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्कूटी सवार युवक से लूटपाट करने वाले नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से स्कूटी को पीछे से टक्कर मारकर चालक को गिराया और मारपीट करते हुए नकदी, मोबाइल तथा जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में एनएच-53 पर स्कूटी सवार एक व्यक्ति से लूटपाट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले स्कूटी को पीछे से टक्कर मारकर पीड़ित को सड़क पर गिराया और फिर मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटकर मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार ग्राम तेतला निवासी कमल प्रसाद जांगड़े (40) किसी निजी कार्य से रायगढ़ आए थे। देर रात करीब 10.30 बजे वह स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मंगला नर्सिंग कॉलेज के समीप बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरते ही आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर 2,500 रुपये नकद, रियलमी पी-2 प्रो मोबाइल, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र लूट लिया।

वारदात के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुसौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी विश्लेषण तथा मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में चाणक्य शर्मा उर्फ दिलीप शर्मा (33) निवासी बजरंगडीपा, चंद्रभानू साव (26) निवासी कोड़ातराई तथा एक 16 वर्षीय नाबालिग ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। तहसीलदार पुसौर की उपस्थिति में कराई गई शिनाख्त परेड में पीड़ित ने तीनों आरोपियों की पहचान भी कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, दस्तावेज तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर लूटपाट और आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।