कांकेर में डि-माइनिंग के दौरान बड़ा हादसा, IED ब्लास्ट में 4 जवान शहीद
छोटेबेठिया-नारायणपुर सीमा पर ऑपरेशन के दौरान हादसा, घायल जवान ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
*छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में डि-माइनिंग अभियान के दौरान हुए IED विस्फोट में चार जवानों की शहादत हो गई। सर्च ऑपरेशन के बीच यह हादसा उस समय हुआ, जब सुरक्षा बल क्षेत्र में छिपाए गए विस्फोटक को निष्क्रिय कर रहे थे।*
कांकेर। नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां डि-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुए IED विस्फोट में चार जवान शहीद हो गए। यह घटना थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में कांकेर-नारायणपुर सीमा पर उस वक्त हुई, जब पुलिस की टीम सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकली थी।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम क्षेत्र में छिपाए गए विस्फोटकों को तलाशने और निष्क्रिय करने के मिशन पर थी। इसी दौरान एक IED अचानक विस्फोटित हो गया, जिसकी चपेट में आकर कांकेर डीआरजी के चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और बस्तर फाइटर के जवान संजय गढ़पाले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बस्तर फाइटर कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि हाल के महीनों में आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली सूचनाओं के आधार पर बड़ी संख्या में छिपाए गए IED बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं। इसके बावजूद यह हादसा उस समय हुआ, जब टीम एक विस्फोटक को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया में थी और वह अचानक फट गया।
घटना के बाद इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है और सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की विस्तृत जानकारी जांच के बाद साझा की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के सामने मौजूद खतरों को उजागर कर दिया है।
suntimes 