चार महीने की जांच में खुला पांच मौतों का राज, सट्टे में नुकसान के बाद कारोबारी ने उठाया खौफनाक कदम

SIT की पड़ताल में पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के लिए साजिद अली जिम्मेदार, खातों में 70 लाख का लेनदेन और कर्ज का दबाव आया सामने

चार महीने की जांच में खुला पांच मौतों का राज, सट्टे में नुकसान के बाद कारोबारी ने उठाया खौफनाक कदम

रायपुर। आर्थिक संकट और लगातार बढ़ते मानसिक दबाव के बीच एक कारोबारी ने ऐसा कदम उठाया, जिसमें उसका पूरा परिवार खत्म हो गया। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में हुई पांच मौतों के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने करीब चार महीने बाद अपनी पड़ताल में साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का जिम्मेदार पाया है।

जांच के अनुसार, साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में कीटनाशक मिलाकर दिया। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए उसके आर्थिक लेनदेन, कारोबार और पारिवारिक परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। बैंक खातों की जांच में पिछले पांच साल के दौरान करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन सामने आया।

सट्टे में घाटा, फिर बिगड़ती गई आर्थिक स्थिति

पुलिस जांच में सामने आया कि साजिद गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टे का कारोबार करता था। इस काम में उसे लगातार नुकसान हो रहा था। घाटा बढ़ने के बाद उसने सट्टे का काम बंद कर दिया, लेकिन आर्थिक परेशानियां कम होने के बजाय और बढ़ गईं। कुछ लोग उससे उधार की रकम मांगने के लिए उसके घर भी पहुंचते थे। SIT ने आर्थिक तंगी को इस घटना की मुख्य वजह माना है।

ठेले से दुकान तक पहुंचा था कारोबार

साजिद का मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग का व्यवसाय भी था। उसने अपने काम की शुरुआत ठेला लगाकर की थी। बाद में बैटरी मरम्मत का काम शुरू किया और दुकान खोल ली। इसके बावजूद उसकी आर्थिक स्थिति स्थिर नहीं रह सकी।

पुलिस को जांच में पता चला कि साजिद नशे का आदी था और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रह रहा था। वह लगभग 15 साल से अपने भाई-बहनों से अलग था। भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष के लोगों से भी उसका ज्यादा मेलजोल नहीं था। जांच में सामने आई इन परिस्थितियों और आर्थिक लेनदेन के आधार पर पुलिस ने घटना के पीछे की वजहों को स्पष्ट किया है।