जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके प्रदर्शनकारी, कई नेता हिरासत में

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 38 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात; 10 फीट ऊंचे बैरिकेड्स और कई स्तर की घेराबंदी से रोका रास्ता

जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके प्रदर्शनकारी, कई नेता हिरासत में

नई दिल्ली। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था के जरिए रोक दिया। शाम 5 बजे तक प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके। पुलिस ने पार्टी के प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को सुबह ही एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया।

पार्टी ने सुबह 10 बजे प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसके बाद समर्थकों ने अलग-अलग रास्तों से जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश की, लेकिन कई स्थानों पर तीन से पांच स्तर की बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक करीब 3,500 लोगों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की एक-दो घटनाएं भी हुईं। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। वहीं, आकाशवाणी भवन के पास पत्थर फेंके जाने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन का ऐलान किया था। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां हैं और एसआईआर की प्रक्रिया का विरोध किया जाना चाहिए।