जंतर-मंतर विवाद: प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने वाली किशोरी ने मांगी सार्वजनिक माफी

‘मैं 15 साल की हूं, भीड़ के प्रभाव में आ गई थी’; पीएम मोदी ने कहा- भटके हुए बच्चों को माफ करना चाहता हूं

जंतर-मंतर विवाद: प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने वाली किशोरी ने मांगी सार्वजनिक माफी

नई दिल्ली (ए)। जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा है कि वह भीड़ और माहौल के प्रभाव में आ गई थी तथा यह उसकी पहली और आखिरी गलती थी। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि वे ऐसे भटके हुए बच्चों को माफ करना चाहते हैं।

हाथ जोड़कर मांगी माफी, वीडियो हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में किशोरी हाथ जोड़कर अपने बयान के लिए क्षमा मांगती दिखाई दे रही है। उसने कहा, “मैं केवल 15 साल की हूं। अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी। वहां छात्र प्रदर्शन चल रहा था और आसपास मौजूद कुछ लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे। मैं उसी माहौल और भीड़ के बहकावे में आ गई। यह मेरी पहली और आखिरी गलती थी।”

नोएडा में दर्ज हुआ मामला

जानकारी के अनुसार किशोरी का वायरल वीडियो 23 जुलाई का बताया जा रहा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती दिखाई देती है। इस मामले में 30 जुलाई को नोएडा में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

पीएम मोदी बोले- बचपन गलतियों को सुधारने का अवसर है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ बच्चों ने उन्हें और उनकी मां के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “बचपन में गलतियां हो जाती हैं, लेकिन वही उम्र उन्हें सुधारने का अवसर भी देती है। ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें सही रास्ता दिखाने का समय है और मैं इन्हें माफ करना चाहता हूं।”

अभिजीत दीपके ने उठाया केस वापसी का सवाल

इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से सवाल उठाया कि यदि प्रधानमंत्री ने किशोरी को माफ कर दिया है, तो क्या सरकार उसके खिलाफ दर्ज मामला भी वापस लेगी। उनके इस बयान के बाद मामले पर राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है।

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस

प्रधानमंत्री का यह वीडियो हाल के दिनों में जारी उनके प्रमुख संदेशों में से एक माना जा रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर माफी, किशोरों की जिम्मेदारी, अभिव्यक्ति की मर्यादा और कानूनी कार्रवाई को लेकर व्यापक बहस शुरू हो गई है।