डूमरतराई में परिवार के तीन लोगों की हत्या, पति ने खुद को भी चाकू मारा
रात में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बना खूनी वारदात की वजह, पत्नी और दो बच्चों की मौत; आरोपी अस्पताल में भर्ती
रायपुर के डूमरतराई में शनिवार रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर दंपती के बीच विवाद की बात सामने आई है।
रायपुर। माना थाना क्षेत्र के साहू पारा में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। 34 वर्षीय भुनेश्वर साहू यहां पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था। परिवार करीब दो साल पहले यहां रहने आया था।
आधी रात को शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच के अनुसार, शनिवार रात करीब 1:30 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर भुनेश्वर ने कथित तौर पर चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने 10 वर्षीय आशीष और 8 वर्षीय ज्ञान पर भी वार किए।
पड़ोसियों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी, जबकि खिलेश्वरी गंभीर रूप से घायल थी। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
तीनों पर हमला करने के बाद खुद को घायल किया
पुलिस के मुताबिक, पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिए। घायल अवस्था में मिले भुनेश्वर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
दो महीने पहले छोड़ दिया था काम
पुलिस की पूछताछ और पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी दोनों सब्जी मंडी में काम करते थे। भुनेश्वर ने करीब दो महीने पहले काम छोड़ दिया था। पड़ोसियों का कहना है कि दंपती के बीच पत्नी के चरित्र को लेकर पहले भी विवाद होते रहते थे। घटना वाली रात भी विवाद होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जुटा रही वारदात से जुड़े साक्ष्य
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घटनास्थल को सुरक्षित कर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे की पूरी परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
suntimes 