तड़के पीएम आवास कॉलोनी पहुंची दुर्ग पुलिस, घर-घर हुई जांच; संदिग्धों और किरायेदारों का जुटाया ब्योरा
जुनवानी-खमरिया में सुबह 5 बजे चला सरप्राइज चेकिंग अभियान, दस्तावेजों का सत्यापन कर संदिग्ध गतिविधियों पर रखी गई नजर
दुर्ग पुलिस ने अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए मंगलवार सुबह जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने घर-घर पहुंचकर रहवासियों की जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया।
दुर्ग। अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए दुर्ग पुलिस ने जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में व्यापक जांच अभियान चलाया। भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी समेत तीन थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने सुबह 5 बजे से कॉलोनी में सरप्राइज चेकिंग शुरू की।
पुलिसकर्मियों ने कॉलोनी के अलग-अलग आवासों में पहुंचकर वहां रहने वाले लोगों की पहचान, दस्तावेज और निवास संबंधी जानकारी की जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों तथा अनधिकृत रूप से रह रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई गई।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में गुंडा-बदमाश और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए यह अभियान चलाया गया। संभावित ठिकानों और संदिग्ध स्थानों की जानकारी एकत्र करने के साथ पुलिस ने रहवासियों का सत्यापन भी किया।
जांच के दौरान पीएम आवासों को नियमों के विपरीत किराये पर दिए जाने की शिकायतों और सूचनाओं का भी सत्यापन किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन कर आवासों में रहने वाले लोगों तथा संबंधित आवासों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के मद्देनजर इस तरह की अचानक जांच और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। मकान किराये पर देने से पहले किरायेदार की पहचान और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन भी जरूर करें।
suntimes 