तर्रा–जामगांव एम मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर, आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत

दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में हादसा; एक गंभीर रूप से घायल, रायपुर रेफर

तर्रा–जामगांव एम मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर, आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत

दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तर्रा से जामगांव एम के बीच दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्ग। पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत तर्रा–जामगांव एम मार्ग पर रविवार शाम करीब 6 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। दो दोपहिया वाहनों की सीधी भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार दूर जा गिरे।

थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

आमने-सामने हुई टक्कर

जानकारी के मुताबिक, बाइक क्रमांक CG07DA1755 सवार युवक तर्रा बाजार से जामगांव एम की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी क्रमांक CG07BF3034 से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग दहल उठे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

मौके पर ही युवक की मौत

हादसे में बोरसी (दुर्ग) निवासी 36 वर्षीय नवीन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

घायल को रायपुर रेफर

दूसरे वाहन सवार जामगांव एम निवासी 63 वर्षीय मुरलीधर दीवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।