तिरुपति दर्शन पर निकली बस हादसे का शिकार, एक युवक की मौत
जगदलपुर-रायपुर NH-30 पर भोर में हुआ हादसा, बस पेड़ से टकराई; 3 यात्री घायल
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल से गुजरने वाले जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार तड़के एक टूरिस्ट बस के अनियंत्रित होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्ग से तिरुपति दर्शन के लिए जा रही बस सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन यात्री घायल हो गए।
बस में सवार थे 40 दर्शनार्थी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस में दुर्ग, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 30 से 40 यात्री सवार थे। भानपुरी थाना क्षेत्र के तारागांव के पास सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह सीधे हाईवे से नीचे उतर गई।
युवक की मौके पर मौत
हादसे में राजनांदगांव निवासी तारकेश्वर साहू (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वह टूरिस्ट बस में सहायक के तौर पर कार्यरत था। तेज टक्कर के कारण बस के अगले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा।
खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री
हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अंदर फंस गए, जिन्हें खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलना पड़ा। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने के बावजूद अधिकांश यात्रियों की जान बच गई।
पुलिस व एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जगदलपुर रेफर किया गया। सुरक्षित यात्रियों को भानपुरी थाना लाकर अस्थायी रूप से ठहराया गया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
suntimes 