छत्तीसगढ़ में बारिश नहीं, गर्मी से लोग परेशान, बस्तर में हो सकती है हल्की बारिश.....

छत्तीसगढ़ में बारिश नहीं, गर्मी से लोग परेशान, बस्तर में हो सकती है हल्की बारिश.....

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 6 दिनों से मानसून मानो थम सा गया है। जिससे गर्मी से लोगों की हालत खराब है। रायपुर में  बादल छाए रहे। वहीं बस्तर और सरगुजा के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के मुताबिक रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां नमी 76-60 प्रतिशत तक थी। नमी घटने से उमस बढ़ रही है। माना एयरपोर्ट में 32.5, बिलासपुर में 33.8, पेण्ड्रारोड में 31.8, अंबिकापुर में 29.9, जगदलपुर में 32.1, दुर्ग में 33.9 और राजनांदगांव में 33 डिग्री सेल्सियस था। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। पिछली रात रायपुर में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को बलरामपुर, राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी और आसपास के इलाकों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। बताया गया है कि मानसून द्रोणिका हिमालय की तराई में चली गई है, जिसके कारण फिलहाल प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। आज को कुछ स्थानों पर हल्की -मध्यम बारिश हो सकती है।

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मानसून का हाल
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मानसूनी द्रोणिका पश्चिमी छोर हिमालय की तराई में है और इसका दूसरा पूर्वी छोर गोरखपुर, दरभंगा, मालदा उसके बाद पूर्व की ओर पूर्व की ओर नागालैंड तक फैला हुआ है। प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। हालांकि तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा लेकिन उमस परेशान करेगी।