तेज रफ्तार का कहर: भिलाई स्टील प्लांट के जीएम की कार डिवाइडर से टकराई, बाल-बाल बचे

सेक्टर-2 बीएसएनएल चौक के पास हादसा, ट्रैफिक टीआई ने पहुंचकर बचाई जान; कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

तेज रफ्तार का कहर: भिलाई स्टील प्लांट के जीएम की कार डिवाइडर से टकराई, बाल-बाल बचे

भिलाई। शहर में तेज रफ्तार का खतरा लगातार सामने आ रहा है। बुधवार दोपहर भिलाई स्टील प्लांट (सेल) के एक महाप्रबंधक (जीएम) की कार सेक्टर-2 स्थित बीएसएनएल चौक के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वह सीधे डिवाइडर से जा भिड़ा। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई अन्य वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इसी दौरान मौके से गुजर रहे ट्रैफिक पुलिस के टीआई मनीष शर्मा ने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और घायल अधिकारी की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने स्थानीय लोगों की सहायता से जीएम को कार से बाहर निकलवाया और तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल भिजवाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि अधिकारी को सिर में हल्की चोट आई है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और परिजन उन्हें घर ले गए।

भट्ठी थाना पुलिस के अनुसार, वाहन क्रमांक सीजी 04 ओबी 4208 ओवरस्पीड में था, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकरा गई। फिलहाल वाहन को जब्त कर थाने में रखा गया है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।