थार पर ‘पुलिस’ का रौब, सड़क पर स्टंट—फर्जी पुलिसिया निकला सलाखों के पीछे
दुर्ग में युवक ने गाड़ी पर लगाया पुलिस लोगो, तेज रफ्तार स्टंट से फैलाई दहशत—पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
दुर्ग जिले में पुलिस की धौंस दिखाकर लोगों को डराने और सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी थार गाड़ी पर अवैध रूप से पुलिस का लोगो लगाकर बेखौफ अंदाज में वाहन चला रहा था।
दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में पुलिस की सख्ती के बीच एक फर्जी ‘पुलिसिया’ स्टंटबाज को गिरफ्तार किया गया है। जुनवानी चौक के पास एक थार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाकर राहगीरों की जान जोखिम में डाल रहा था।
आरोपी की पहचान कोहका निवासी समीर वर्मा के रूप में हुई है, जिसने अपनी गाड़ी पर अवैध रूप से पुलिस का मोनो और बोर्ड लगा रखा था। इसका इस्तेमाल वह आम लोगों पर धौंस जमाने और नियमों की अनदेखी करने के लिए कर रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहा था, बल्कि पुलिस की पहचान का दुरुपयोग भी कर रहा था।
सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान इस मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी गाड़ी जब्त कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
suntimes 