T-Series म्यूज़िक कॉन्टेस्ट में भिलाई के अनुपम भट्टाचार्य ने जीता तीसरा स्थान
"जमाना लगे" गाने की प्रस्तुति से देशभर में बनाए अपनी खास पहचान, भिलाईवासियों में गर्व की लहर
भिलाई के होनहार कलाकार अनुपम भट्टाचार्य ने मुंबई में आयोजित T-Series Zamaana Lage Music Contest में तीसरा स्थान प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है। देशभर से लाखों प्रतिभागियों के बीच अनुपम की यह उपलब्धि संगीत के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा और समर्पण का प्रतीक है।
भिलाई। T-Series द्वारा आयोजित इस अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में फिल्म "मेट्रो... इन दिनों" के मशहूर गीत "जमाना लगे" पर अपनी soulful प्रस्तुति देकर अनुपम भट्टाचार्य ने संगीतप्रेमियों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता का परिणाम 9 जुलाई को घोषित किया गया, जिसमें अनुपम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिता और गाने की जानकारी
"जमाना लगे" गीत को मूल रूप से अरिजीत सिंह और शाश्वत सिंह ने गाया है, जिसे संगीतबद्ध किया है प्रीतम ने। इसके बोल कैसर उल जाफरी और संदीप श्रीवास्तव ने लिखे हैं। यह गीत अनुराग बसु की हालिया फिल्म "मेट्रो... इन दिनों" का है, जिसे 4 जुलाई को पूरे भारत में रिलीज किया गया है। अनुपम भट्टाचार्य ने इस गाने का अपना कवर वर्जन पेश किया, जिसे सुदीप जाटव ने मिक्स किया। उनके सुरों की गहराई और भावनाओं की प्रस्तुति ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
अनुपम का सफर
अनुपम ने खैरागढ़ इंदिरा संगीत एवं कला विश्वविद्यालय से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा प्राप्त की है। पिछले कुछ वर्षों से वे मुंबई में रहकर संगीत के क्षेत्र में अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। वे होटल ताज, मुंबई सहित पुणे, लोनावाला जैसे शहरों में नियमित रूप से निजी शो करते हैं।
भिलाई का गर्व
अनुपम की इस उपलब्धि से भिलाईवासियों में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयास का परिणाम है, बल्कि यह भिलाई जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने का शानदार उदाहरण भी है।