आईआईटी भिलाई के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

रोज की तरह कॉलेज जाने की तैयारी के दौरान अचानक गिरकर बेहोश हुआ छात्र, अस्पताल में doctors ने किया Dead घोषित

आईआईटी भिलाई के एक छात्र की अचानक हुई मौत ने परिसर में सनसनी फैला दी है। इलेक्ट्रिकल ब्रांच के प्रथम वर्ष के छात्र सौमिल साहू की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

दुर्ग। आईआईटी भिलाई से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र सौमिल साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मूलतः मध्यप्रदेश के होशंगाबाद निवासी सौमिल ने जुलाई 2025 में ही आईआईटी भिलाई के इलेक्ट्रिकल बैच में एडमिशन लिया था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह सौमिल रोज की तरह कॉलेज जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद हॉस्टल के अन्य छात्रों ने तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छात्र की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सौमिल के परिजनों को खबर दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस अधिकारी मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के असली कारणों का खुलासा होने की बात कही जा रही है।