धान खरीदी केंद्र में भीषण आग, 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर राख
नंदिनी क्षेत्र के कोड़िया केंद्र में मची अफरा-तफरी, पराली की आग फैलने की आशंका; घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू
*दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने धान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के पीछे पराली जलाने की आशंका जताई जा रही है।*
दुर्ग। नंदिनी थाना क्षेत्र के कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब संग्रहित धान के ढेर में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बड़ी मात्रा में रखे धान को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी, जिससे केंद्र परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब पांच टैंकर पानी की सहायता से कई घंटों के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आग आसपास के अन्य धान भंडारण क्षेत्रों तक भी पहुंच सकती थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर खाक हो गया है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि आसपास पराली जलाए जाने के कारण उठी चिंगारी धान केंद्र तक पहुंची, जिससे आग भड़क गई।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने तथा आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
suntimes 