नंदौरी गांव में पांच महिलाओं की पिटाई, मारपीट का वीडियो सामने आया

ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के संदेह में पकड़े जाने का किया दावा; पुलिस बोली- घरों में पैसे मांगने को लेकर हुआ था विवाद

नंदौरी गांव में पांच महिलाओं की पिटाई, मारपीट का वीडियो सामने आया

दुर्ग-भिलाई। भिलाई-3 के नंदौरी गांव में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भीड़ के बीच महिलाओं को घेरकर उनके बाल खींचने और लात-घूंसों से मारने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने महिलाओं पर बच्चा चोरी के संदेह में पकड़े जाने की बात कही है, लेकिन पुलिस के अनुसार विवाद की वजह कुछ और थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, महिलाएं ऑटो से गांव पहुंची थीं। इसी दौरान बच्चों के चिल्लाने पर लोगों को उन पर शक हुआ। ग्रामीणों का दावा है कि महिलाओं के साथ आए दो लोग मौके से भाग निकले। इसके बाद महिलाओं को पकड़कर उनके साथ मारपीट की गई।

पहचान का सत्यापन कर रही पुलिस

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विजय यादव ने बच्चा चोरी की आशंका को नकारते हुए बताया कि महिलाएं घरों में जाकर पैसे मांग रही थीं। इसी बात पर ग्रामीणों के साथ उनका विवाद हुआ। पुलिस ने महिलाओं को थाने में बैठाया है और उनके पते व पहचान संबंधी जानकारी की जांच की जा रही है। सत्यापन के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।