दुर्ग में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा: 5 लाख से ज्यादा का मादक पदार्थ जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन नगर और सुपेला थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में 7.190 किलोग्राम गांजा, एक बुलेट मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल करीब 5.18 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने का काम कर रहे थे, जबकि एक आरोपी स्थानीय स्तर पर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मोहन नगर पुलिस की कार्रवाई: ग्राहक तलाशते पकड़ा गया गांजा तस्कर
मोहन नगर थाना क्षेत्र में 18 जनवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंडरब्रिज के पास, बाके कबाड़ी दुकान के सामने एक व्यक्ति नीले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक केशवराम कोसले के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग में बेचने की तैयारी
पूछताछ में आरोपी की पहचान चैतन्य सबर (28 वर्ष) निवासी ओडिशा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.160 किलोग्राम गांजा (03 पैकेट) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.58 लाख रुपए बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
सुपेला पुलिस की घेराबंदी: बुलेट बाइक पर गांजा तस्करी
इसी दिन सुबह करीब 06:10 बजे, थाना सुपेला पुलिस को सूचना मिली कि नीली रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पीठू बैग में गांजा लेकर दुर्ग से सुपेला-भिलाई की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेहरू नगर जिम गार्डन के पास घेराबंदी कर बाइक को रोका।
4 किलो गांजा, बाइक और मोबाइल जब्त
बाइक सवारों की पहचान मोहम्मद एजाज (30 वर्ष) और फैजान कुरैशी (35 वर्ष), दोनों निवासी दुर्ग के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कॉफी रंग के पिट्ठू बैग से 4.030 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई।
इसके साथ ही रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत लगभग 3.60 लाख रुपए बताई गई है।
पूर्व में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। सभी आरोपियों पर धारा 20(ख) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
suntimes 