रिसाली में युवक की बेरहमी से हत्या: शराब पीने से मना किया तो बोतल से गोद डाला
तालाब के पास शराब पी रहे युवकों से कहासुनी के बाद कांच की बोतल से हमला, आरोपी गिरफ्तार
भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र अंतर्गत रिसाली वार्ड-31 में सोमवार की दोपहर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तालाब किनारे शराब पीने से रोकने पर एक युवक की कांच की बोतल से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भिलाई। नेवई थाना क्षेत्र के रिसाली में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। तालाब किनारे चल रही शराबखोरी को रोकने की कोशिश में एक युवक की जान चली गई। वार्ड-31 निवासी मोहन ताम्रकार उर्फ मेकुरू ने शराब पी रहे युवकों को टोका तो विवाद बढ़ गया, और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
घटना लगभग दोपहर 3:30 से 4 बजे के बीच की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहन ने जैसे ही शराब पी रहे युवकों को समझाने की कोशिश की, उनमें से एक डोमेन्द्र नामक युवक भड़क उठा। उसने गुस्से में कांच की बोतल फोड़ी और मोहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मोहन वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी डोमेन्द्र मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी से घेराबंदी कर कुछ ही घंटों में उसे धर दबोचा।
नेवई थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को जानते थे और पहले भी इनके बीच मामूली कहासुनी हो चुकी थी।
suntimes 