नेहरू नगर में मामूली कहासुनी बनी जानलेवा, युवक पर चाकू से हमला; अस्पताल में मौत
चिचोला जाने के लिए पहले ट्रक फिर स्कूटी रोकने की कोशिश की थी; दो स्कूटियों में आए हमलावर वारदात के बाद टाउनशिप की ओर भागे
भिलाई में शनिवार रात सड़क पर वाहन रोककर लिफ्ट मांगना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। नेहरू नगर चौक पर स्कूटी सवार युवकों से हुई बहस के बाद 26 वर्षीय शिव कुमार सिंह पर चाकू से हमला कर दिया गया। जांघ के पास गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
दुर्ग-भिलाई। शनिवार रात करीब 11:30 बजे नेहरू नगर चौक पर हुए चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है।
शिव कुमार अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां उसकी दुकान है। रात में आगे जाने के लिए उसने एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका।
स्कूटी रोकते ही शुरू हो गई कहासुनी
ट्रक के नहीं रुकने के बाद शिव कुमार ने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने की कोशिश की। इसी बात पर उनके बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक बहस के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकाला और शिव कुमार की बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से पर वार कर दिया।
हमले के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा। आरोपी वहां से तुरंत फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची। घायल शिव कुमार को हाईटेक अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
चार युवक और एक युवती होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार हमलावर दो स्कूटियों पर सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में चार युवक और एक युवती के साथ होने की बात सामने आई है। वारदात के बाद वे नेहरू नगर चौक से ब्रिज के नीचे होते हुए अंडरब्रिज की दिशा में गए और फिर टाउनशिप की ओर निकल गए।
CCTV में तलाश रही पुलिस
मृतक के दोस्त शिशांत से पुलिस ने पूछताछ की है। उसने बताया कि हमला अचानक होने के कारण वह स्कूटी का नंबर नहीं देख पाया। अब पुलिस नेहरू नगर चौक, ब्रिज के नीचे और अंडरब्रिज क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटा रही है।
फुटेज से आरोपियों की पहचान करने के साथ पुलिस उनके भागने के रास्ते का भी पता लगा रही है। चाकू से हमला करने वाले युवक की पहचान और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
suntimes 