परिसीमन पर क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाने में सफल होती सरकार

DMK के 22, पवार की पार्टी के 8 और YSRCP के 4 सांसदों का साथ मिलने का दावा; लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए अब 6 वोटों की कमी

परिसीमन पर क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाने में सफल होती सरकार

नई दिल्ली (ए)। परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और विपक्षी दलों के बीच जारी राजनीतिक खींचतान में अब क्षेत्रीय पार्टियों की भूमिका अहम हो गई है। लोकसभा में आवश्यक समर्थन जुटाने के लिए सरकार की कोशिशों को उस समय मजबूती मिली, जब तमिलनाडु की डीएमके ने भी विधेयक का समर्थन करने की घोषणा कर दी।

शनिवार को पार्टी की बैठक के बाद सांसद ए. राजा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि तमिलनाडु में लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़ाकर 59 की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों में बढ़ोतरी के बाद भी संसद में राज्य की हिस्सेदारी लगभग 7.2 प्रतिशत बरकरार रहनी चाहिए। डीएमके की इस मांग को परिसीमन के मुद्दे पर दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व से जोड़कर देखा जा रहा है।

समर्थन के समीकरण में बड़ा बदलाव

डीएमके के 22 सांसदों के अलावा शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के 8 और जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस के 4 सांसदों का समर्थन मिलने से सरकार के पक्ष में कुल 34 सांसद जुड़ने की संभावना है। इस आधार पर लोकसभा में एनडीए और समर्थक दलों की संख्या 354 तक पहुंच सकती है।

संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए 540 सदस्यों के मतदान की स्थिति में 360 मतों की जरूरत होगी। मौजूदा गणित के अनुसार सरकार को अभी छह और सांसदों का समर्थन हासिल करना होगा। ऐसे में छोटे दलों और निर्दलीय सांसदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है।

दो क्षेत्रीय दलों के फैसले का इंतजार

सरकार ने समर्थन जुटाने की रणनीति के तहत आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल से भी संपर्क किया है। दोनों दलों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन अभी तक उन्होंने विधेयक को लेकर अपना अंतिम रुख सार्वजनिक नहीं किया है। इनके समर्थन या विरोध से सदन में बहुमत का समीकरण प्रभावित हो सकता है।

पवार की पार्टी को लेकर मंत्रिमंडल में भागीदारी की चर्चा

एनसीपी (एसपी) के समर्थन के बाद महाराष्ट्र और केंद्र की राजनीति में भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में दावा किया जा रहा है कि पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद दिए जाने की मांग की चर्चा भी सामने आई है।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर सुप्रिया सुले ने सावधानी बरतते हुए कहा था कि विधेयक का मसौदा देखने और पार्टी के भीतर चर्चा करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। वहीं, विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को शरद पवार से विचार-विमर्श के बाद विधेयक का समर्थन करने की बात कही थी।

अब छह सांसदों के समर्थन पर टिकी नजरें

डीएमके, एनसीपी (एसपी) और वाईएसआर कांग्रेस के समर्थन से सरकार बहुमत के काफी करीब पहुंच गई है। अब सभी की निगाहें आम आदमी पार्टी, बीजू जनता दल और अन्य छोटे दलों के रुख पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि सरकार संविधान संशोधन विधेयक के लिए जरूरी दो-तिहाई समर्थन जुटा पाती है या नहीं।