पीएम नरेंद्र मोदी की समिति में शामिल हुए विधायक रिकेश सेन, फुले जयंती आयोजनों में निभाएंगे भूमिका
राष्ट्रीय स्तर की समिति में मिली जिम्मेदारी
भिलाई के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए महात्मा ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर गठित उच्च स्तरीय समिति का सदस्य बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली इस समिति के जरिए देशभर में दो वर्षों तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
दुर्ग-भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रिकेश सेन को केंद्र सरकार की ओर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में गठित उच्च स्तरीय राष्ट्रीय समिति का सदस्य बनाया गया है। इस समिति की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।
संस्कृति मंत्रालय द्वारा गठित इस समिति में देशभर की 126 प्रतिष्ठित हस्तियों को शामिल किया गया है। इसमें रिकेश सेन को 91वें क्रम पर सदस्यता प्रदान की गई है। समिति का उद्देश्य महात्मा फुले के विचारों को देश के कोने-कोने तक पहुंचाना और उनके सिद्धांतों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन करना है।
यह राष्ट्रव्यापी अभियान 11 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 11 अप्रैल 2028 तक चलेगा। इस दौरान सामाजिक समानता, शिक्षा के प्रसार और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को इन मूल्यों से जोड़ा जा सके।
समिति के गठन को केंद्र सरकार ने 13 अप्रैल 2026 को गजट में प्रकाशित कर औपचारिक रूप दिया है। इसके साथ ही देशभर में कार्यक्रमों की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
विधायक रिकेश सेन को इस जिम्मेदारी के संबंध में भारत सरकार के संयुक्त सचिव समर नंदा द्वारा पत्र भेजा गया है, जिसमें उनके अनुभव और सुझावों को कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन में उपयोगी बताया गया है।
आगामी दिनों में होने वाली समिति की बैठकों में रिकेश सेन की भागीदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वे राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की योजना और संचालन में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आएंगे।
suntimes 