हादसे में घायल युवक की मौत, अस्पताल पर लापरवाही और अवैध वसूली के गंभीर आरोप
कोमा में भर्ती 27 वर्षीय देवेंद्र बाग ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा
सेक्टर-5 में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की चार दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हाईटेक अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही, दवाइयों में मनमानी और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
भिलाई। रायपुर नाका निवासी 27 वर्षीय देवेंद्र बाग 1 जनवरी को सेक्टर-5 क्षेत्र में हुए एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसे तत्काल हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह लगातार कोमा की स्थिति में था।
चार दिन तक चला इलाज, 5 जनवरी को मौत
अस्पताल सूत्रों के अनुसार देवेंद्र का इलाज लगातार जारी था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। 5 जनवरी को दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए।
दवाइयों में भारी गड़बड़ी का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि इलाज के नाम पर रोजाना हजारों रुपये की दवाइयां मंगवाई जाती रहीं। जब डॉक्टर ने दवा बदलने की सलाह दी, तो पहले से मंगाई गई करीब 24 हजार रुपये की दवाइयों को रिफंड के नाम पर मात्र 600 रुपये में वापस लिया गया।
डॉक्टर के देर से आने का भी आरोप
परिजनों का कहना है कि गंभीर स्थिति के बावजूद संबंधित डॉक्टर समय पर मरीज को देखने नहीं पहुंचे, जिससे इलाज में देरी हुई और मरीज की हालत और बिगड़ती चली गई।
डेड बॉडी देने के बदले 500 रुपये मांगने का आरोप
मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर शव सौंपने के बदले 500 रुपये मांगने का भी गंभीर आरोप लगाया है। इस बात को लेकर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
सैकड़ों की संख्या में परिजन और दोस्त पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के सैकड़ों परिजन और दोस्त अस्पताल पहुंच गए। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना पर स्मृति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और शिकायत के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है।
suntimes 