पुलिस जवान के पैर छूने से गरमाई राजनीति, भूपेश ने मंत्री गजेंद्र यादव को घेरा
वर्दी में पैर छूने का वीडियो प्रसारित होने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने मंत्री को पद से हटाने की मांग की, आरके विज ने भी बताया अनुचित; गजेंद्र यादव ने कहा- जवान को ऐसा करने से रोका था
दुर्ग-भिलाई। दीपावली के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और यातायात पुलिस के जवानों के बीच मुलाकात का एक वीडियो राजनीतिक विवाद की वजह बन गया है। वीडियो में वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी मंत्री के पैर छूता दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर सवाल उठाते हुए मंत्री और संबंधित जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भूपेश बघेल ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि संवैधानिक जिम्मेदारी और संस्थागत सम्मान का प्रतीक है। वर्दी पर अंकित अशोक चक्र पुलिस बल की पहचान और गरिमा को दर्शाता है। ऐसे में किसी जवान का सार्वजनिक रूप से मंत्री के पैर छूना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए और संबंधित पुलिसकर्मी को सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश और केंद्र की विभिन्न जांच एजेंसियों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सरकारी संस्थाएं सत्ता के सामने झुकती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी और स्वतंत्र पहचान बनाए रखनी चाहिए।
आरके विज ने वर्दी की मर्यादा का दिया हवाला
इस मामले में छत्तीसगढ़ के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी आरके विज ने भी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर कहा कि वर्दीधारी अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी व्यक्ति के पैर नहीं छूने चाहिए। पुलिस की वर्दी अनुशासन, कर्तव्य और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए इसकी गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।
89 जवानों से मुलाकात के दौरान हुई घटना
मंत्री गजेंद्र यादव ने पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए बताया कि दीपावली के अवसर पर वे यातायात ड्यूटी कर रहे लगभग 89 पुलिस जवानों से मिलने गए थे। उन्होंने सभी जवानों से स्वयं आगे बढ़कर हाथ मिलाया और त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इसी दौरान एक जवान ने उनके पैर छू लिए। मंत्री ने बताया कि संबंधित जवान से उनका पहले कोई व्यक्तिगत परिचय नहीं था। पैर छूने के बाद उसने अपने गांव का निवासी होने और उनके भाई के साथ काम करने की बात बताई। उसने पारिवारिक अपनापन जताते हुए उन्हें भैया कहकर संबोधित किया।
यादव के मुताबिक, उन्होंने जवान को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की और पैर पीछे कर लिया था। भूपेश बघेल की ओर से मंत्री को पद से हटाने और जवान को बर्खास्त करने की मांग पर उन्होंने कहा कि इस घटना को राजनीतिक नजरिए से देखना उनकी मानसिकता को दर्शाता है।
suntimes 