पॉलीथिन कार्रवाई पर मचा बवाल, निगमकर्मी से गाली-गलौज का मामला दर्ज
प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्ती के दौरान विवाद, ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिरगिट्टी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के निरीक्षक पवन भैयालाल चौहान के अनुसार, टीम शुक्रवार को क्षेत्र में दुकानों की जांच करने पहुंची थी।
दोपहर करीब 12:50 बजे टीम यदुनंदन नगर, तिफरा स्थित एक डेयरी दुकान की जांच कर रही थी। जांच के दौरान दुकान से लगभग 5 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। इसके बाद निगम की टीम ने नियमों के तहत जब्ती और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद सीमा संजय सिंह के देवर मुन्ना सिंह से मोबाइल पर बात कराई। बातचीत के दौरान कथित रूप से निगम कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की गई और कार्रवाई को लेकर धमकी भी दी गई।
घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारी ऑडियो रिकॉर्डिंग लेकर सिरगिट्टी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध रिकॉर्डिंग के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी ओर मुन्ना सिंह ने नगर निगम की स्वच्छता टीम पर कार्रवाई के नाम पर दबाव बनाने और वसूली जैसे आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि व्यापारी इसी वजह से विरोध जताते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
suntimes 