बाधवा पर शिकंजा कसता गया, 20 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में दूसरी एफआईआर दर्ज

पहले 5 लाख वसूली केस में गया था जेल, अब निजी अस्पताल प्रबंधन ने धमकी और दबाव बनाकर रकम मांगने का लगाया आरोप

बाधवा पर शिकंजा कसता गया, 20 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में दूसरी एफआईआर दर्ज

भिलाई में अस्पताल प्रबंधन से कथित रंगदारी मांगने के मामले में गुरमीत सिंह बाधवा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पहले से एक मामले में जेल जा चुके बाधवा के खिलाफ अब 20 लाख रुपये की मांग, धमकी और दबाव बनाने के आरोप में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है।

भिलाई के चर्चित गुरमीत सिंह बाधवा के खिलाफ एक और आपराधिक मामला दर्ज हुआ है। इस बार शहर के एक निजी अस्पताल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि बाधवा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में खामियां बताकर 20 लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर कार्रवाई कराने की धमकी दी।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने खुद को प्रभावशाली मीडिया और उच्च स्तर के संपर्कों वाला बताते हुए अस्पताल प्रबंधन पर दबाव बनाया। इतना ही नहीं, विभिन्न सरकारी विभागों में लगातार शिकायतें और सूचना के अधिकार के तहत आवेदन देकर प्रबंधन को परेशान करने का भी आरोप लगाया गया है।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आरोपी ने दोबारा अस्पताल पहुंचकर कर्मचारियों के सामने अभद्र व्यवहार किया और बाद में फोन कॉल के जरिए धमकियां भी दीं। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बाधवा पहले भी एक अन्य अस्पताल से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में जेल जा चुका है। अब दूसरी एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस पुराने मामलों को भी जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।