गणेश-विसर्जन के दौरान 4 डीजे वाहन और लाइट ट्रस्ट जब्त:दुर्ग में 6 पर केस दर्ज;चेतावनी के बावजूद तेज आवाज में बजा रहे थे गाने
दुर्ग। दुर्ग जिले में गणेशोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने बैठक में पहले ही डीजे संचालकों को नियमों की जानकारी दी गई थी और साफ चेतावनी दी गई थी कि बिना अनुमति डीजे नहीं बजाएं। इसके बावजूद कुछ संचालकों ने नियम तोड़े और विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाते पाए गए।
इसके बाद दुर्ग पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। 4 डीजे वाहन और 1 लाइट ट्रस्ट सेट जब्त किया है। साथ ही 6 लोगों पर कोलाहल अधिनियम और धारा 285 के तहत केस दर्ज किया गया।
मोहन नगर थाना क्षेत्र में दुर्गा चौक शंकर नगर में विकांत यादव उर्फ विक्की और शक्ति नगर में गजेंद्र देवांगन पर डीजे बजाने पर कार्रवाई हुई। वहीं सुपेला थाना क्षेत्र में रावण भाठा इलाके में शेख जिशान के वाहन से डीजे बजते पाए जाने पर मामला दर्ज हुआ।
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में सुराना कॉलेज के सामने पवन राहंगडाले को पकड़ा गया। इसके अलावा, सुराना कॉलेज चौक पर आम रास्ते पर लाइट ट्रस्ट सेट लगाने से लोगों को परेशानी हो रही थी। इस पर पुलिस ने सेट संचालक मुस्कान मित्तल और काल रात्रि गणेशोत्सव समिति के सदस्य आफताब कुरैशी के खिलाफ भी केस दर्ज किया और सेट जब्त कर लिया।
suntimes 