दुर्ग पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन: 3 क्विंटल 88 किलो गांजा बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

  • अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, कंटेनर से 1 करोड़ 53 लाख का माल जब्त
  • कुम्हारी टोल प्लाजा पर नाकेबंदी के दौरान कार्रवाई, नगद 95 हजार भी बरामद
  • बिहार और महाराष्ट्र के आरोपी पुलिस जाल में फंसे

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुम्हारी टोल प्लाजा में कार्रवाई कर 3 क्विंटल 88 किलो गांजा, नगदी और सामान समेत कुल 1 करोड़ 53 लाख रुपए का मादक पदार्थ जब्त किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

दुर्ग। नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने एक और बड़ी कार्यवाही की है। रविवार देर रात कुम्हारी टोल प्लाजा पर नाकेबंदी कर पुलिस ने एक कंटेनर (NL01-AH-9524) को रोका। तलाशी लेने पर कंटेनर के पिछले हिस्से में 13 बोरियों में भरा 3 क्विंटल 88 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।

कंटेनर में भरे अन्य सामान और वाहन समेत कुल 1 करोड़ 53 लाख रुपए का माल जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से बिहार निवासी उमेश यादव (46 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह खेप कोलकाता से नागपुर ले जा रहा था और प्रत्येक बोरी के लिए उसे 5 हजार रुपए मिलने वाले थे। उसने पहले भी एक बार नागपुर के शाहिद नामक व्यक्ति को गांजे की खेप पहुंचाने की बात कबूल की।

पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर नागपुर में जाल बिछाया और दो अन्य आरोपियों मुस्ताक अहमद (34 वर्ष) और फयाज अंसारी (24 वर्ष) को भी दबोच लिया। तीनों के खिलाफ थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 172/2025, धारा 20 (B) iiC, 25, 27 (a) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में किसी भी हालत में नशे का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा।