पुटु की सब्जी खाने से 6 लोग बीमार:फेरी करके बेचने वाले से खरीदा और खाने के बाद शुरू हुआ पेट दर्द

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक परिवार को फेरी वाले से पुटु (मशरूम) खरीदकर खाना महंगा पड़ गया। उन्होंने रात में सब्जी बनाकर खाई। इसके बाद देर रात एक-एक करके सभी 6 लोग पेट दर्द से परेशान हो गए। मोहल्ले के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला दुर्ग जिला मुख्यालय के मोहन नगर थाना अंतर्गत का है। यहां आदित्य नगर में 28 जुलाई को एक फेरी करके मशरूम बेचने वाला आया था। यहां रहने वाले यादव परिवार ने उस फेरी वाले पुटु खरीदा। अज्जू यादव ने बताया कि पुटु खरीदने के बाद उन लोगों ने रात में उसकी सब्जी बनाई। वो लोग इस बात से अंजान थे कि जो पुटु वो खाने जा रहे हैं वो जहरीला है। रात में घर के सभी 6 लोगों ने खाना खाया और सोने चले गए। देर रात सबसे पहले छोटी बेटी का पेट दर्द करना शुरू हुआ। घऱ वालों ने सोचा कि नार्मल दर्द होगा। इसके बाद देखते ही देखते घर के सभी 6 लोगों को असहनीय दर्द शुरू होने लगा। उन्होंने मोहल्ले के लोगों को इसके बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने शनिवार तड़के सभी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कैजुअल्टी में चल रहा इलाज
भर्ती कराए गए सभी लोगों का इलाज जिला अस्पताल की कैजुअल्टी में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। कुछ घंटे के ऑब्जर्वेशन के बाद उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।
पुटु की सब्जी लेकर पहुंचे परिजन
सभी 6 लोगों को भर्ती कराने के बाद परिजन रात की बची हुई पुटु की सब्जी लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर को सब्जी दिया कि वो इसे खाने से बीमार पड़े हैं। सब्जी को जांच के लिए रखा गया है। फिलहाल पुटु जहरीला बताया जा रहा है।