भिलाई के स्कूल में छात्र पर कटर से हमला: 28 टांके लगे, परिजनों का हंगामा

स्कूल में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप — परिजनों ने स्कूल पर लगाया बचाने का आरोप, शिक्षकों ने कहा झूठे हैं आरोप

भिलाई के स्कूल में छात्र पर कटर से हमला: 28 टांके लगे, परिजनों का हंगामा

भिलाई नगर के सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 9वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर कटर से हमला कर दिया। स्कूल की छुट्टी के वक्त हुए इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके कंधे और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं, जिन पर करीब 28 टांके लगे। घटना के बाद गुस्साए परिजन स्कूल पहुंच गए और प्रबंधन पर लापरवाही और आरोपी छात्र को बचाने का आरोप लगाया।

भिलाई नगर। सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में सोमवार दोपहर छुट्टी के समय दो छात्रों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 9वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने क्लासमेट पर अचानक कटर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र की पीठ और कंधे पर गहरे घाव आए हैं। डॉक्टरों ने उसके शरीर पर करीब 28 टांके लगाए हैं।

घटना के बाद परिजन स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि घटना के बाद न तो तुरंत एम्बुलेंस बुलाई गई और न ही पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना था कि जब तक वे पहुंचे, आरोपी छात्र को एक कमरे में बंद कर बचाने की कोशिश की जा रही थी।

वहीं स्कूल के प्रभारी प्राचार्य एस.एम. जोसफ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही घायल छात्र को प्राथमिक उपचार दिया गया और तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद डायल-112 और एम्बुलेंस को कॉल किया गया।

उन्होंने बताया कि “हमने आरोपी बच्चे को इसलिए एक कमरे में रखा ताकि गुस्साई भीड़ उसे नुकसान न पहुंचा दे। महिलाएं स्कूल में घुस आई थीं और कह रही थीं कि ‘खून के बदले खून चाहिए’, इसलिए पुलिस के आने तक उसे सुरक्षित रखा गया।”

घटना के बाद एबीवीपी के भिलाई नगर मंत्री आकाश कुमार साहू ने स्कूल परिसर में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “अब शिक्षा के मंदिर भी असुरक्षित हो गए हैं। जिले में अपराधों के साथ अब स्कूलों में भी ऐसे हमले होना चिंताजनक है।”

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस ने घायल छात्र के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद एक छात्र ने ब्लेड से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र से पूछताछ शुरू कर दी है।