धान घोटाले पर कांग्रेस का तीखा व्यंग्य: भिलाई में ‘चूहा सम्मान रैली’, करोड़ों के नुकसान पर सरकार कटघरे में
कांग्रेस ने 2 किमी पदयात्रा कर किया अनोखा विरोध, कहा— भ्रष्टाचार छुपाने चूहों को बनाया जा रहा बलि का बकरा
भिलाई। छत्तीसगढ़ में कथित धान घोटाले के विरोध में कांग्रेस ने भिलाई में अनोखा प्रदर्शन करते हुए सरकार को घेरा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नर्सिंग नाथ के नेतृत्व में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे “चूहा सम्मान रैली” निकाली गई। इस व्यंग्यात्मक रैली में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव सहित जिला और ब्लॉक स्तर के नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
2 किलोमीटर की प्रतीकात्मक पदयात्रा
रैली राजेंद्र प्रसाद चौक से प्रारंभ होकर सुपेला घड़ी चौक तक करीब 2 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए निकाली गई। रास्ते भर कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि धान के करोड़ों रुपये के नुकसान को चूहों के सिर मढ़कर असली दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
‘धान खाने वाले चूहों’ को व्यंग्यात्मक पुरस्कार
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से “सबसे ज्यादा धान खाने वाले” चूहों के नाम घोषित किए। कवर्धा जिले के चूहे को प्रथम पुरस्कार, महासमुंद को द्वितीय, गोरिल्ला जिले को तृतीय और बेमेतरा जिले के चूहे को सांत्वना पुरस्कार देने की घोषणा कर सरकार की दलीलों पर तंज कसा गया।
करोड़ों के नुकसान पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि प्रशासनिक स्तर पर यह कहा जा रहा है कि कवर्धा में लगभग 7 करोड़ रुपये और महासमुंद में करीब 5 करोड़ रुपये का धान चूहों द्वारा खा लिया गया। कांग्रेस ने इसे जनता को गुमराह करने वाला तर्क बताते हुए कहा कि यह सीधे-सीधे बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है, जिसमें गरीब किसानों का नुकसान हुआ है।
मुकेश चंद्राकर का हमला
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए चूहों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग नगर निगम सहित अन्य संस्थानों में अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों से निजी काम करवाया जा रहा है और मना करने पर कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि चूहों ने धान खाकर ‘विश्व रिकॉर्ड’ बना दिया है, इसलिए कांग्रेस ने उन्हें सम्मानित करने का फैसला किया।
निष्पक्ष जांच की मांग
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि एक स्थान पर 7 करोड़ और दूसरे स्थान पर 5 करोड़ का धान चूहों द्वारा खा जाने की बात जनता के गले नहीं उतरती। उन्होंने कहा कि यह रैली जनता को सच्चाई से अवगत कराने के लिए निकाली गई है। रैली के समापन पर छावनी एसडीएम हेमंत पिज्जा को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच, दोषियों के नाम सार्वजनिक करने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला, ब्लॉक और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, पार्षद, महिला कांग्रेस, अल्पसंख्यक मोर्चा एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।
suntimes 